खास बातें
Sheikh Hasina Resignation News in Hindi: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपना देश छोड़कर फिलहाल भारत में हैं और ऐसी खबरें हैं कि वह यहां से लंदन जा सकती हैं। वहीं बांग्लादेश में सेना के नेतृत्व में अंतरिम सरकार का गठन करने की तैयारी चल रही है और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का नेतृत्व कर सकते हैं। वहीं भारत सरकार ने भी इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है।
10:15 AM, 06-Aug-2024
शेख हसीना के बेटे ने पाकिस्तान पर लगाए आरोप
शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद जॉय ने आशंका जताई कि उनके देश में जारी बवाल के पीछे पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ हो सकता है। साथ ही उन्होंने इसके पीछे अमेरिका की भूमिका से भी इनकार नहीं किया।10:05 AM, 06-Aug-2024
बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
बांग्लादेश के हालात पर सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद भवन में बुलाई गई है। विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश के हालात पर जानकारी देंगे। विपक्ष की तरफ से राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बैठक में शामिल हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने संसद में बांग्लादेश के मुद्दे पर चर्चा के लिए प्रस्ताव पेश किया है। ऐसे में विदेश मंत्री एस जयशंकर बांग्लादेश के हालात पर संसद में भी जानकारी दे सकते हैं।09:45 AM, 06-Aug-2024
बांग्लादेश में कई थानों में तोड़फोड़ और आगजनी
बांग्लादेश में हिंसा का दौर अभी भी जारी है और शेख हसीना के देश छोड़ने के बाद भी प्रदर्शनकारी सड़कों पर डटे हैं। प्रदर्शनकारियों ने चटगांव में छह पुलिस थानों में तोड़फोड़ और आगजनी की। प्रदर्शनकारी पुलिस थानों से हथियार भी लूट ले गए। प्रदर्शनकारी आवामी लीग के नेताओं और अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं। वहीं बांग्लादेश में जारी बवाल को शांत करने के लिए सेना प्रमुख आज प्रदर्शनकारियों के नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।09:10 AM, 06-Aug-2024
हाई अलर्ट पर बीएसएफ
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बाद बीएसएफ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऐसी रिपोर्ट्स मिली हैं कि बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक सीमा पार कर भारत की सीमा में दाखिल होने की फिराक में हैं।08:54 AM, 06-Aug-2024
बेटे ने कहा- अब नाती-पोतों के साथ समय बिताएंगी शेख हसीना
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने कहा है कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। वाजेद ने कहा कि शेख हसीना ने देश को अच्छी सरकार दी और अब वह अपने नाती-पोतों के साथ समय बिताएंगी और राजनीति में वापसी नहीं करेंगी।08:39 AM, 06-Aug-2024
बंगाल पुलिस ने लोगों से की भड़काऊ वीडियो साझा न करने की अपील
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच बंगाल में भी अलर्ट है। बंगाल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह किसी भी तरह की भड़काऊ वीडियो को साझा न करें। साथ ही भारत बांग्लादेश सीमा पर भी सुरक्षा मजबूत कर दी गई है।08:27 AM, 06-Aug-2024
खालिदा जिया को जेल से रिहा करने की तैयारी
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मुहम्मद शहाबुद्दीन ने एलान किया है कि संसद भंग करने के बाद जल्द ही अंतरिम सरकार का गठन कर लिया जाएगा। साथ ही पूर्व पीएम खालिदा जिया की रिहाई के भी आदेश दे दिए गए हैं। वहीं विश्व बैंक ने कहा है कि वह बांग्लादेश के हालात पर नजर रखे हुए हैं और बांग्लादेश में जारी हिंसा और पीएम शेख हसीना के देश छोड़ने का विश्व बैंक के कर्ज कार्यक्रम पर क्या असर होगा इसकी समीक्षा की जा रही है।07:57 AM, 06-Aug-2024