सार
पिछले हफ्ते आए चुनावी नतीजों में शिवसेना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के महायुति गठबंधन ने भारी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखी। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में महायुति गठबंधन को 230 सीट और एमवीए को केवल 46 सीट मिलीं
विस्तार
महाराष्ट्र में अब तक मुख्यमंत्री के चेहरे पर सहमति नहीं बन पाई है। भाजपा, शिवसेना और एनसीपी साथ बैठकर सहमति से फैसला लेने की बात कह रहे हैं। वहीं इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में महायुति को बहुमत मिला है। मैं जनता को धन्यवाद देता हूं। जनता ने महायुति पर विश्वास जताया है। विकास की योजनाओं को समर्थन मिला है।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि आम आदमी को कहां-कहां दिक्कत आती है, मैं समझता हूं। मैंने कभी मुख्यमंत्री के तौर पर खुद को नहीं समझा। मैंने आम आदमी की तरह काम किया। महाराष्ट्र की समस्याओं को दूर करने की कोशिश की है। हमारे काम का नतीजा दिख रहा है। हमने लाडली बहन योजना पर काम शुरू किया। अमित शाह ने मुझे पूरा सहयोग किया। मोदी जी और अमित शाह मेरे साथ खड़े रहे। उन्होंने मुझ पर विश्वास किया। मुझे मुख्यमंत्री बनाया और बड़ी जिम्मेदारी दी। मैंने भी जनता के लिए बढ़-चढ़कर काम किया।
सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस समय राष्ट्र और महाराष्ट्र विकास की रफ्तार बढ़ी है। हमने हर वर्ग की भलाई के लिए काम किया है। महाविकास अघाड़ी ने किसानों के हित में जो काम नहीं किए वो हमने किए। एकनाथ शिंदे ने कहा कि रोने वालों और लड़ने वालों में से नहीं हूं। लाडली बहनों का लाडला भाई हूं। हम मिलकर काम करने वाले लोग हैं। मैं भागने वाला नहीं समाधान करने वाला व्यक्ति हूं।