खास बातें
Bihar News : 14 दिनों से जिस 'खेला' की चर्चा पूरे देश में है, वह वास्तव में हुआ या नहीं- कुछ घंटे बाद पता चल जाएगा। बिहार की नीतीश कुमार सरकार का बहुमत परीक्षण आज है। पक्ष में 128 विधायक थे, विपक्ष में 114 और एक अलग। क्या रहता है आज फ्लोर टेस्ट में?
01:49 PM, 12-FEB-2024
विधानसभा में सीएम नीतीश कुमार ने सदन में विश्वास मत प्रस्ताव पेश किया। इसके बाद तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैं 9वीं बार सीएम पद की शपथ लेने के लिए आपको (नीतीश कुमार) बधाई देता हूं। आप ही न आए थे। कहा था कि मेरा मन नहीं लग रहा है। मेरी पार्टी को तोड़ा जा रहा है। इसके बाद हमने आपको समर्थन दिया और सीएम बनाया। लेकिन, आपने फिर से धोखा दिया। इसके बाद 17 महीने हमारी सरकार रही। हमने 17 माह में जो कर दिखाया, जितनी नौकरी दी वह पूरे देश में रिकॉर्ड बन गया। तेजस्वी यादव ने पूछा कि ऐ भाजपा वालों आप यह बताओ कि क्या मोदी जी गारंटी लेंगे कि नीतीश कुमार फिर से नहीं पलटेंगे?01:38 PM, 12-FEB-2024
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार कायम रह गई। नीतीश कुमार सरकार के बहुमत साबित करने के पहले ही यह पक्का हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल कोटे से विधानसभा अध्यक्ष रहे अवध बिहारी चौधरी की कुर्सी छूटने के बाद उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के नाम पर शक्ति परीक्षण कराया गया। इसमें नीतीश कुमार सरकार की तरफ से 125 विधायक रहे, जबकि विपक्ष में 112 एमएलए ही जुटे। बहुमत परीक्षण के नाम पर राजद को सीधे-सीधे तीन विधायकों का नुकसान उठाना पड़ा है। तेजस्वी यादव ने नीतीश को बधाई भी दे दी।01:14 PM, 12-FEB-2024
बिहार विधानसभा में नीतीश कुमार सरकार के बहुमत परीक्षण से पहले दोपहर बाद सवा एक बजे तक की हालत यह है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार को खेल खत्म करने का दावा करने वाली लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दला को तीन विधायकों का नुकसान साफ दिख चुका है। इस तरह विपक्ष की संख्या 114 की जगह 111 पहुंच गई है। इसी समय तक जदयू के डॉ. संजीव की वापसी के बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का नंबर 128 से घटकर 125 हो गया है। डिप्टी स्पीकर के कुर्सी पर रहने के कारण यह संख्या एक और घटती है तो 124 हो जाएगी। इसके बाद चूंकि गैरहाजिर विधायकों की संख्या घटाकर उपस्थिति का दो तिहाई निकालते हुए बहुमत के लिए वोटिंग होगी तो सरकार का बचना एक तरह से अभी ही पक्का हो गया है।01:10 PM, 12-FEB-2024
विधानसभा की कार्यवाही चल रही है। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी को हटाने के लिए भाजपा विधायक नंद किशोर यादव ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। कुर्सी छोड़ने के लिए अवध बिहारी चौधरी ने कहा राजनीति तो आंकड़ों का खेल है। मैंने निष्ठा से अपना कर्तव्य निभाया। लोकतंत्र में मेरी आस्था है। यह कहते हुए उन्होंने कुर्सी छोड़ दी। कुछ देर में अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी। इधर राजद के तीन विधायक चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्लाद यादव सत्ता पक्ष के खेमे में बैठे हैं। इसपर तेजस्वी यादव के विरोध जताया। उन्होंने कहा यह नियम के विरोध में है। 12:47 PM, 12-FEB-2024
विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश हो चुका है। राजद के दो विधायक चेतन आनंद और नीलम देवी सत्ता पक्ष के खेमे में दिखीं। विधानसभा अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष से बैठने का आग्रह किया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष अपनी कुर्सी से उतर गए। इधर भाजपा और जदयू खेमे से तीन-तीन विधायक सदन नहीं पहुंचे हैं।12:32 PM, 12-FEB-2024
कुछ ही देर स्पीकर अवध बिहारी चौधरी को हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। उनके खिलाफ एनडीए सरकार की तरफ से अविश्वास का संकल्प दिया गया है। सीएम नीतीश कुमार सदन में विश्वास मत पेश करेंगे। इसके बाद पक्ष और विरोध में विधायक वोटिंग करेंगे। भाजपा से मिश्रीलाल यादव और रश्मि वर्मा नहीं आई हैं। जदयू विधायक संजीव कुमार रास्ते में हैं। इधर, राजद विधायक चेतन आनंद नीलम देवी सत्तारूढ़ दल के सचेतक के कमरे में बैठाया गया है। 12:11 PM, 12-FEB-2024
विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों को संबोधित करते हुए राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बिहार सरकार विधि व्यवस्था के लिए सभी आयामों पर काम कर रही है। पूरे राज्य में इमरजेंसी सेवा का विस्तार किया जा रहा है। सात निश्चय योजना को तेज गति से किया जा रहा है। राज्य के हर गांव तक सड़क, बिजली, पानी पहुंची है। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग कामों को पूरा करने में जुटा है। युवा शक्ति बिहार की प्रगति के तहत युवाओं पर फोकस कर रही है। युवाओं को रोजगार और उद्यमिता विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।11:46 AM, 12-FEB-2024
राजद विधायक चेतन आनंद और नीलम देवी अबतक सदन नहीं पहुंचे हैं। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि राजद के दो विधायक चेतन आनंद और नीलम देवी को सचेतक के कमरे में सत्तारूढ़ दल द्वारा बैठा दिया गया है। उन्हें धमकी दी जा रही है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।11:31 AM, 12-FEB-2024
दोनों सदन के सदस्य सेंट्रल हॉल में मौजूद है। दोनों सदनों का संयुक्त अधिवेशन शुरू हो चुका है। राज्यपाल अपना संबोधन दे रहे हैं। अब तक जदयू विधायक बीमा भारती, संजीव सिंह, भाजपा विधायक रश्मि वर्मा और मिश्रीलाल यादव भी नहीं पहुंचे हैं।11:08 AM, 12-FEB-2024
विधानसभा में सदन के कार्यवाही शुरू हो चुकी है। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने सदन की कार्यवाही शुरू की। वहीं जदयू विधायक डॉ संजीव और बीमा भारती भी अब तक विधानसभा नहीं पहुंचे हैं। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
Tags
राजनीति
