https://www.youtube.com/c/AIBSNews24

NDA Meeting : एनडीए के संसदीय दल की बैठक में PM मोदी को चुना गया नेता; नौ जून को लेंगे शपथ

 खास बातें



Lok Sabha Election Result 2024  Updates: एनडीए को इस बार 293 सीटों के साथ बहुमत मिला है। एक बार फिर से देश में उसकी सरकार बन सकती है। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की संसदीय दल की बैठक थोड़ी देर में संसद के सेंट्रल हॉल में होगी।

लाइव अपडेट

12:19 PM, 07-JUN-2024

राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा

बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने एनडीए के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि पीएम ने 10 सालों में जो काम किया है, उसकी तारीफ देश और दुनिया दोनों ही जगहों पर हुई है।

12:15 PM, 07-JUN-2024

नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे: प्रहलाद जोशी

इस बीच वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद जोशी ने एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहा कि नरेंद्र मोदी रविवार को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। मोदी को अपना नेता चुनने के लिए यहां पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एकत्रित एनडीए नेताओं से जोशी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 9 जून को शाम 6 बजे होगा।
12:15 PM, 07-JUN-2024

मोदी-मोदी के नारों से गूंजा सेंट्रल हॉल

जेपी नड्डा ने भाषण की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार जताते हुए की। इस दौरान सेंट्रल हॉल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। नड्डा ने सांसदों के साथ-साथ राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यंमत्रियों का स्वागत किया। 

12:14 PM, 07-JUN-2024

नायडू-नीतीश से चर्चा करते दिखे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेंट्रल हॉल में नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के साथ चर्चा करते हुए देखा गया। इस दौरान सेंट्रल हॉल में उनके समर्थन में नारे लगाए गए।
 

 

12:14 PM, 07-JUN-2024

पीएम मोदी को देते हैं हार्दिक बधाई- जेपी नड्डा

एनडीए संसदीय दल की बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, 'हम प्रधानमंत्री को हार्दिक बधाई देते हैं, जिन्होंने हर पल देश की सेवा में बिताया। यही कारण है कि भारत आज इतिहास रच रहा है और एनडीए लगातार तीसरी बार बहुमत की सरकार बना रही है।'

12:00 PM, 07-JUN-2024

पीएम मोदी ने संविधान को माथे पर लगाया

कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय समिति की बैठक के लिए संसद पहुंचे। संसद पहुंचते ही पीएम मोदी ने संविधान को उठाकर माथे पर लगाया। 
 
11:52 AM, 07-JUN-2024

राजनाथ सिंह का हुआ स्वागत

एनडीए सांसदों की बैठक का आयोजन संविधान सदन (पुरानी संसद) में हो रहा है। इसमें हिस्सा लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य एनडीए नेता पहुंचे हुए हैं। राजनाथ सिंह को फूल देकर उनका स्वागत किय गया है।

11:43 AM, 07-JUN-2024

यह नेता भी पहुंचे

बिहार के सीएम और जेडीयू नेता नीतीश कुमार, बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत, बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. एस जयशंकर एनडीए संसदीय समिति की बैठक के लिए संसद पहुंचे।
11:38 AM, 07-JUN-2024

बैठक से पहले का वीडियो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बैठक होने वाली है। बैठक से पहले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांसदों को देखा जा सकता है। इस बैठक का आयोजन संविधान सदन में हो रहा है, जो पुरानी संसद में मौजूद है।
 
11:35 AM, 07-JUN-2024

अमित शाह से लेकर राजनाथ तक पहुंचे संविधान सदन

संविधान सदन (पुरानी संसद) में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और अन्य एनडीए नेता मौजूद हैं। 

11:34 AM, 07-JUN-2024
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संविधान सदन (पुरानी संसद) में नवनिर्वाचित एनडीए सांसदों से मुलाकात की। थोड़ी देर में एनडीए सांसदों की बैठक शुरू होगी।
11:21 AM, 07-JUN-2024
नागालैंड के डिप्टी सीएम यानथुंगो पैटन एनडीए संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए संसद पहुंचे। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम पूरा कार्यकाल पूरा करेंगे।'
11:19 AM, 07-JUN-2024

नौ जून को पीएम पद की शपथ लेंगे नरेंद्र मोदी: जी किशन रेड्डी

भाजपा नेता जी किशन रेड्डी ने कहा कि नरेंद्र मोदी नौ जून शाम पांच बजे प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ लेने वाले हैं। आज हम शपथ ग्रहण स्थल को फाइनल करेंगे। एनडीए के सहयोगी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करने वाले हैं। 

11:16 AM, 07-JUN-2024
पांच साल पूरा करेगी एनडीए सरकार: अजीत पवार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार ने कहा है कि एनडीए सरकार पांच साल पूरा करेगी। NDA घटक दलों की मांग पर अजित पवार ने कहा, 'ऐसा कुछ नहीं है... सब ठीक ठाक होने वाला है। 300 के करीब लोग हैं तो टर्म पूरा करेगी ही।'
 
11:15 AM, 07-JUN-2024

पूरे देशवासियों ने विपक्ष के हथकंडों का नाकाम कर दिया: शिंदे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "आज NDA संसदीय दल की बैठक है। परसों के बैठक में सर्वसम्मति से NDA के घटक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को NDA के संसदीय दल का नेता चुना गया है। आज उनके नेतृत्व में बैठक होने जा रही है...जल्द ही नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लें इस पर चर्चा होगी। हमें खुशी है कि पूरे देशवासियों ने विपक्ष के हथकंडों का नाकाम कर दिया और मोदी हटाओ बोलने वालों को हटा दिया।"
11:14 AM, 07-JUN-2024

नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो ने दी बधाई

संसद पहुंचकर नागालैंड के सीएम नेफ्यू रियो ने कहा, 'मैंने पहले ही उन्हें (पीएम मोदी को) उनके तीसरे कार्यकाल और तीसरे कार्यकाल की सरकार के रूप में एनडीए की सफलता के लिए बधाई दी थी।'
11:14 AM, 07-JUN-2024
मुस्लिम रिजर्वेशन जारी रहेगा: टीडीपी नेता के रविंद्र
टीडीपी नेता के रविंद्र कुमार से जब सवाल हुआ कि क्या आंध्र प्रदेश में मुस्लिम रिजर्वेशन जारी रहेगा, इस पर उन्होंने कहा, 'हां, हम उसे जारी रखने वाले हैं। इसमें कोई समस्या नहीं है। आज एनडीए की बैठक हो रही है। पांच जून को प्रारंभिक बैठक हुई। आज दूसरी बैठक है। दूसरी बैठक में एनडीए सहयोगियों से कुछ मदद ली जाएगी। उसके बाद एनडीए सांसदों की बैठक भी है। उम्मीद है कि पीएम 9 जून को शपथ लेंगे। इसलिए, उससे पहले हमें एनडीए नेता का चुनाव करना होगा और राष्ट्रपति को आवश्यक अनुरोध सौंपना होगा। फिर सांसदों की बैठक चलेगी। इसके बाद हम मुद्देवार चर्चा करेंगे।
10:58 AM, 07-JUN-2024

बैठक में शामिल होने के लिए संसद पहुंच रहे नेता

हरियाणा के सीएम और भाजपा नेता नायब सैनी, विदिशा से नवनिर्वाचित भाजपा सांसद शिवराज सिंह चौहान एनडीए संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए संसद पहुंचे।
 
 
10:46 AM, 07-JUN-2024
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, 'आज सभी (NDA की बैठक) नवनिर्वाचित सांसदों, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्षों की बैठक यहां पर है। हम अपने सभी नवनिर्वाचित सांसदों के साथ बैठक में शामिल होने आए हैं।'
10:42 AM, 07-JUN-2024
एलजेपी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय दल का नेता चुना गया।

10:35 AM, 07-JUN-2024

बिहार को मिले स्पेशल स्टेटस- एलजेपी सांसद

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय दल की बैठक पार्टी प्रमुख चिराग पासवान के नेतृत्व में दिल्ली में उनके आवास पर शुरू हुई। बैठक में पांचों सांसद मौजूद हैं। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलने की मांग पर LJP(राम विलास) की सांसद वीणा देवी ने कहा, बिहार को मिले इसके समर्थन में सभी लोग रहेंगे। हम लोग बिहार की भलाई चाहेंगे क्योंकि बिहार के रहने वाले हैं।

10:31 AM, 07-JUN-2024

इन दलों की हो रही बैठक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली आवास पर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के संसदीय दल की बैठक शुरू हो गई है। इसमें पार्टी के चुने गए सभी नए सांसद शामिल हुए हैं। वहीं, चिराग पासवान के दिल्ली आवास पर लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपीआर) के नेताओं की बैठक हो रही है। वहीं, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) की भी बैठक चल रही है। एनडीए की बैठक से पहले हो रही इन मीटिंग को अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह सभी दल अपने-अपने नेता चुनने के बाद एनडीए की बैठक में शामिल होंगे। 

 
10:26 AM, 07-JUN-2024

NDA Meeting : एनडीए के संसदीय दल की बैठक में PM मोदी को चुना गया नेता; राजनाथ सिंह ने रखा प्रस्ताव

नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक आज सुबह 11.15 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में होगी। इसमें सांसदों के बीच मंत्रालयों के बंटवारे पर भी सहमति बनाने की कोशिश होगी। इससे पहले एनडीए के सहयोगी दलों के संसदीय बोर्ड की मीटिंग दिल्ली में हो रही है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post