https://www.youtube.com/c/AIBSNews24

Parliament LIVE: गोगोई ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया, मेघवाल बोले- सरकार हर स्थिति के लिए तैयार

 खास बातें

Parliament Monsoon Session Live Updates: संसद के मानसून सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है। इस बीच 26 विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' ने मोदी सरकार के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता अधीररंजन चौधरी ने कहा कि नोटिस का मसौदा तैयार है और बुधवार सुबह 10 बजे इसे लोकसभा में पेश किया जाएगा। हम सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं...। संसद सत्र से जुड़ी पल-पल की खबर पढ़ें यहां..


लाइव अपडेट

11:04 AM, 26-JUL-2023

हम जानते हैं कि संख्या हमारे पक्ष में नहीं, लेकिन लोकतंत्र के लिए यह जरूरी: मनोज झा

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि हम जानते हैं कि संख्याएं हमारे पक्ष में नहीं हैं लेकिन लोकतंत्र सिर्फ संख्याओं के बारे में नहीं है। मणिपुर जल रहा है और लोग पीएम के बोलने का इंतजार कर रहे हैं...शायद अविश्वास प्रस्ताव के बहाने उन्हें कुछ बोलने पर मजबूर किया जा सके। यही सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

11:01 AM, 26-JUL-2023

पीएम मणिपुर पर बोलेंगे, तो देश के लोगों के बीच शांति होगी: नागेश्वर राव

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सांसद नामा नागेश्वर राव ने कहा कि हमने अपनी पार्टी की ओर से अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। सत्र शुरू होने के बाद से ही सभी विपक्षी नेता मणिपुर मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहे थे। अगर प्रधानमंत्री इस पर बोलेंगे, तो देश के लोगों के बीच शांति होगी - इसलिए हमने प्रयास किए... इसलिए, आज यह प्रस्ताव लाया गया है।
10:53 AM, 26-JUL-2023

संसद में पीएम की उपस्थिति के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने पर मजबूर होना पड़ा: एनके प्रेमचंद्रन

रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने कहा कि यह संख्या का सवाल नहीं है। यह देश के प्रधानमंत्री के संसद में उपस्थित होने और उसे संबोधित करने के संवैधानिक औचित्य का सवाल है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष को प्रधानमंत्री की उपस्थिति के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह अजीब है, देश ने ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी है।
10:46 AM, 26-JUL-2023

सरकार हर स्थिति के लिए तैयार: अर्जुन राम मेघवाल

केंद्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि "...अविश्वास प्रस्ताव आने दीजिए, सरकार हर स्थिति के लिए तैयार है। हम मणिपुर पर चर्चा चाहते हैं...सत्र शुरू होने से पहले, वे चर्चा चाहते थे। जब हम सहमत हुए तो उन्होंने नियमों का मुद्दा उठाया। जब हम नियमों पर सहमत हुए तो वे नया मुद्दा लेकर आए कि प्रधानमंत्री आएं और चर्चा शुरू करें। मुझे लगता है ये सब बहाने हैं।
 
10:45 AM, 26-JUL-2023

पीएम को संसद में लाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव का इस्तेमाल करना पड़ रहा: प्रियंका चतुर्वेदी

शिव सेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कोई अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है, कोई मणिपुर के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा है। लोग सोच रहे हैं कि पीएम संसद में क्यों नहीं आ रहे हैं...अगर हमें पीएम को संसद में लाने के लिए इस अविश्वास प्रस्ताव का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, तो मुझे लगता है कि हम इस देश की बहुत बड़ी सेवा कर रहे हैं।
10:43 AM, 26-JUL-2023

जनता को पीएम मोदी और भाजपा पर भरोसा: प्रह्लाद जोशी

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि लोगों को पीएम मोदी और भाजपा पर भरोसा है। वे पिछले कार्यकाल में भी अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। इस देश की जनता ने उन्हें सबक सिखाया है।
10:39 AM, 26-JUL-2023

मणिपुर की स्थिति पर चर्चा कराने की मांग

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देकर मणिपुर की स्थिति पर चर्चा कराने की मांग की है। डीएमके सांसद तिरुचि शिवा, राजद सांसद मनोज कुमार झा, कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन और आप सांसद राघा चड्ढा ने नियम 267 के तहत राज्यसभा में बिजनेस नोटिस को निलंबित करने और मणिपुर की स्थिति पर चर्चा की मांग की है।
10:36 AM, 26-JUL-2023

अविश्वास प्रस्ताव पीएम को संसद में आने के लिए मजबूर करेगा: बिनॉय विश्वम

सीपीआई सांसद बिनॉय विश्वम ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव एक राजनीतिक उद्देश्य के साथ एक राजनीतिक कदम है। एक ऐसा राजनीतिक कदम जो परिणाम लाएगा... अविश्वास प्रस्ताव उन्हें (प्रधानमंत्री) संसद में आने के लिए मजबूर करेगा। हमें देश के मुद्दों पर, खासकर मणिपुर पर संसद के अंदर चर्चा की जरूरत है। संख्याओं को भूल जाइए, वे संख्याएं जानते हैं और हम भी संख्याएं जानते हैं...।
10:32 AM, 26-JUL-2023

बीआरएस सांसद ने भी दायर किया अविश्वास प्रस्ताव

बीआरएस सांसद नामा नागेश्वर राव ने भी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दायर किया है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया।
 
10:27 AM, 26-JUL-2023

हम मोदी जी का अहंकार तोड़ना चाहते हैं: कांग्रेस सचेतक मनिकम टैगोर

आज लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के बारे में पूछे जाने पर लोकसभा में कांग्रेस के सचेतक मनिकम टैगोर ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन एक साथ है, इस गठबंधन ने इस विचार का प्रस्ताव रखा है और मंगलवार को इस पर निर्णय लिया गया था। आज कांग्रेस पार्टी के नेता इसे आगे बढ़ा रहे हैं। हम मोदी जी का अहंकार तोड़ना चाहते हैं। संसद में आकर मणिपुर पर बयान नहीं देकर वह एक अहंकारी व्यक्ति की तरह व्यवहार कर रहे हैं... हमें लगता है कि इस आखिरी हथियार का इस्तेमाल करना हमारा कर्तव्य है।
 
10:25 AM, 26-JUL-2023

सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 आज राज्यसभा में पेश करेंगे अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 में संशोधन के लिए सिनेमैटोग्राफ (संशोधन) विधेयक, 2023 को चर्चा और पारित करने के लिए आज राज्यसभा में पेश करेंगे।
10:24 AM, 26-JUL-2023

विपक्षी दलों के अविश्वास प्रस्ताव पर संजय सिंह ने जताई खुशी

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने कल भारत का अपमान किया और मणिपुर मुद्दे से ध्यान भटकाया। इतना ही नहीं, उन्होंने I.N.D.I.A की तुलना आतंकवादी समूह से भी की... हमारा अपमान करें, लेकिन देश का अपमान न करें। उन्हें हाथ जोड़कर देश से माफी मांगनी चाहिए... 26 राजनीतिक दलों से बना I.N.D.I.A गठबंधन मांग करता है कि पीएम मोदी संसद में मणिपुर मुद्दे पर बोलें... मुझे खुशी है कि इस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा रहा है।
10:18 AM, 26-JUL-2023

संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022 राज्यसभा में पेश करेंगे अर्जुन मुंडा

जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा आज राज्यसभा में संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022 को चर्चा और पारित करने के लिए पेश करेंगे, ताकी हिमाचल प्रदेश राज्य के संबंध में कुछ समुदायों को अनुसूचित जनजातियों की सूची में शामिल करने के लिए संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश, 1950 में संशोधन किया जा सके। यह विधेयक पिछले साल लोकसभा द्वारा पारित किया गया था।
10:01 AM, 26-JUL-2023

Parliament LIVE: गोगोई ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव दाखिल किया, मेघवाल बोले- सरकार हर स्थिति के लिए तैयार

कांग्रेस ने लोकसभा में अपने सदस्यों को कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए सुबह 10:30 बजे तक अपने संसदीय कार्यालय में उपस्थित होने के लिए व्हिप जारी किया है। विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (INDIA) के सांसदों की मंगलवार सुबह हुई बैठक में अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया गया। 

कांग्रेस सांसद जेबी माथेर (Jebi Mather) ने कहा कि 'संजय सिंह को राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। वे उन्हें निलंबित कर सकते हैं, लेकिन वे उन्हें मुद्दे उठाने, लोगों की आवाज बनने से नहीं रोक सकते। उनका संसद में धरना जारी है। हम सब, टीम 'इंडिया' इस समय उनके साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री संसद में (मणिपुर पर) क्यों नहीं बोल रहे हैं? वह क्यों भाग रहे हैं? इस सत्र की शुरुआत से ही हम बार-बार मांग कर रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री की ओर से चुप्पी है...उन्हें देशवासियों को विश्वास में लेना चाहिए...संजय सिंह और रजनी पाटिल का निलंबन तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।'
 

Post a Comment

Previous Post Next Post