सार
इसरो ने शुक्रवार को चंद्रयान से ली गई चांद की वीडियो भी जारी की है। इसरो ने ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 के लैंडर इमेजर (एलआई) कैमरा-1 से 17 अगस्त 2023 को लैंडर मॉड्यूल के प्रोपल्शन मॉड्यूल से अलग होने के ठीक बाद चांद की तस्वीरें ली गईं
विस्तार
भारत चंद्रयान-3 का चांद पर उतरने का बेसब्री से इंतजार रहा है, हर कोई उस गर्व भरे क्षण का साक्षी होना चाहता है। चंद्रयान मिशन धीरे-धीरे चांद के नजदीक बढ़ रहा है, लेकिन इस बीच इसरो ने शुक्रवार को चंद्रयान से ली गई चांद की वीडियो जारी करके लोगों के मन में उत्साह भर दिया। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि तस्वीर चांद के काफी पास से ली गई हैं, इन तस्वीरों में चांद की सतह साफ-साफ दिख रही है।
इसरो ने ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 के लैंडर इमेजर (एलआई) कैमरा-1 से 17 अगस्त 2023 को लैंडर मॉड्यूल के प्रोपल्शन मॉड्यूल से अलग होने के ठीक बाद चांद की तस्वीरें ली गईं। चंद्रयान-3 की 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की संभावना है। इसे 14 जुलाई को लॉन्च किया गया था।