सार
Lok Sabha Election 2024: सातवें चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर आज यानी 1 जून को मतदान हो रहा है। जिन सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत, अनुराग ठाकुर, अनुप्रिया पटेल जैसे केंद्रीय मंत्रियों की भी सीटें शामिल हैं।
विस्तार
लोकसभा चुनाव के छह चरण के मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आज सातवें चरण का मतदान कराया जा रहा है। इस चरण में आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके साथ ही सभी 543 सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। इस चरण की 57 सीटों पर कुल 904 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जिन सीटों पर मतदान जारी है, उनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत, अनुराग ठाकुर, अनुप्रिया पटेल जैसे केंद्रीय मंत्रियों की भी सीटें शामिल हैं।
नरेंद्र मोदी: उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार यहां से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं बसपा ने अतहर जमाल लारी को अपना चेहरा बनाया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उतरे थे। उनके सामने कांग्रेस ने अजय राय और सपा ने शालिनी यादव को उतारा था। नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे और यहां प्रधानमंत्री ने सपा की शालिनी यादव को 4,79,505 मतों से बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी को 6,74,664 वोट, सपा उम्मीदवार शालिनी को 1,95,159 और कांग्रेस के अजय राय को 1,52,548 वोट मिले थे। पिछले चुनाव में वाराणसी में कुल 57.13% लोगों ने मतदान किया था
Tags
राजनीति