सार
Lok Sabha Chunav 5th Charan Seats Candidates : लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का प्रचार आज शाम पांच बजे थम जाएगा। इस चरण में 49 सीटों पर 20 मई को मतदान होना है। सबसे अधिक सीटें उत्तर प्रदेश में हैं। इस सूबे की 14 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जिनपर कुल 144 उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। जानिए इस चरण के चुनाव से जुड़ी कुछ अहम बातें
विस्तार
पांचवें चरण की चर्चित सीटें
राजनाथ सिंह: उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट इस चुनाव में एक चर्चित सीट बनी हुई है। यहां से भाजपा की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव मैदान में हैं। भाजपा नेता के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। मंत्री रह चुके मेहरोत्रा फिलहाल लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। बसपा ने लखनऊ में सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। 2019 लोकसभा चुनाव में सीट पर भाजपा से राजनाथ सिंह जीते थे। 2019 में लखनऊ सीट पर 54.78% मतदान दर्ज किया गया था।
राहुल गांधी: उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे ज्यादा चर्चा होती है, उनमें से एक रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये राज्य की इकलौती सीट है जहां 2019 में कांग्रेस को जीत मिली थी। तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। कांग्रेस ने काफी इंतजार के बाद रायबरेली से राहुल गांधी को चुनाव मैदान उतारा है। भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप फिलहाल योगी सरकार में मंत्री हैं। 2019 में रायबरेली सीट पर कांग्रेस की तरफ से सोनिया गांधी ने भाजपा के दिनेश प्रताप को हराया था। पिछले चुनाव में यहां 54.08% मतदान हुआ था।
स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री और अमेठी की मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर भाजपा के टिकट पर यहां से मैदान में हैं। वहीं कांग्रेस ने नामांकन के आखिरी दिन गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को उम्मीदवार बनाया। बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है। 2019 में भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को शिकस्त दी थी। पिछले चुनाव में यहां 54.08% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
चिराग पासवान: बिहार में हाजीपुर लोकसभा सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से एनडीए की तरफ से लोजपा (आर) के चिराग पसवान चुनाव मैदान में हैं। राजद ने हाजीपुर सीट पर शिवचंद्र राम को टिकट दिया है। शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट पर लोजपा से पशुपति पारस ने जीत दर्ज की थी। पिछले चुनाव में यहां 55.26% मतदान हुआ था।
उमर अब्दुल्ला: इस समय कश्मीर की वादियों में पहाड़ों पर भले ही बर्फ गिर रही है लेकिन यहां का सियासी पारा गर्म है। कश्मीर की बारामुला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं जिसके चलते यह सीट खास हो गई है। उमर के सामने महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद हैं। पिछले चुनाव में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकबर लोन ने जीती थी। 2019 के चुनाव में यहां 34.6% मतदान दर्ज किया गया था।
पांचवें चरण में मोदी सरकार के ये मंत्री मैदान में
| सीट | मंत्री | मंत्रालय |
| मुंबई उत्तर | पीयूष गोयल | वाणिज्य और उद्योग |
| माेहनलालगंज | कौशल किशोर | आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री |
| लखनऊ | राजनाथ सिंह | रक्षा मंत्री |
| अमेठी | स्मृति ईरानी | महिला बाल विकास मंत्री |
| फतेहपुर | साध्वी निरंजन ज्योति | ग्रामीण विकास राज्य मंत्री |
| दिंडोरी | डॉ. भारती प्रवीण पवार | स्वास्थ्य राज्य मंत्री |
| कोडरमा | अन्नपूर्णा देवी | शिक्षा राज्य मंत्री |
| भिवंडी | कपिल पाटिल | पंचायती राज राज्य मंत्री |
| बनगांव | शांतनु ठाकुर | बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री |