https://www.youtube.com/c/AIBSNews24

फिरोजाबाद: छारबाग स्वर्ग आश्रम में भीषण आग, कई मकान क्षतिग्रस्त — टला बड़ा हादसा

सार 

फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र स्थित छारबाग स्वर्ग आश्रम में सोमवार देर शाम अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग स्वर्ग आश्रम परिसर में रखी दाह संस्कार में उपयोग होने वाली लकड़ी और उपलों में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।









विस्तार 

आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटें आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं, जिससे कई मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। विशेष रूप से बंगाली वर्मा और महेश वर्मा के मकानों को ज्यादा नुकसान हुआ।


घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घनी आबादी के कारण लोग अपने-अपने घर छोड़कर बाहर निकल आए। पीड़ित नीरज वर्मा और विकास वर्मा ने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे की देरी से पहुंची, जबकि पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। थाना लाइनपार प्रभारी रमित कुमार आर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।


दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर तेजस त्रिपाठी और अग्निशमन अधिकारी सतेन्द्र कुमार पाण्डेय ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।


अग्निशमन अधिकारी सतेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर टेंडर को तुरंत रवाना किया गया और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।


पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा और राहत कार्य में सहयोग किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


रिपोर्ट: राजा शर्मा, संवाददाता

Post a Comment

Previous Post Next Post