खास बातें
Chandrayaan 3 on Moon: चंद्रयान-3 का लैंडर मॉड्यूल (एलएम) बुधवार शाम चंद्रमा की सतह पर उतर गया। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से युक्त लैंडर मॉड्यूल ने शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग की। इसके बाद अब रोवर को लैंडर मॉड्यूल से बाहर निकाला गया है। इसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं
05:29 PM, 24-AUG-2023
चंद्रयान 3 की सफलता पर बांग्लादेश भारत के साथ खुश है: पीएम शेख हसीनाबांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने कहा है कि उनका देश अपने चंद्र मिशन की सफलता पर भारत के साथ खुश है। उन्होंने कहा कि ये अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षेत्र में विज्ञान को आगे बढ़ाने में सभी दक्षिण एशियाई देशों के लिए बेहद गर्व और प्रेरणा की बात है। पडोसी देश की पीएम शेख हसीना ने पीएम मोदी को एक संदेश भेजकर बधाई दी।
गौरतलब है कि शेख हसीना और पीएम मोदी दोनों दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। बुधवार को ब्रिक्स के वर्तमान अध्यक्ष और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा द्वारा आयोजित रात्रिभोज में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से मुलाकात की थी।
05:22 PM, 24-AUG-2023
श्रीलंका को भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है- राष्ट्रपति विक्रमसिंघे राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने भारत को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका को भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि कि इस उपलब्धि को पूरी मानव जाति को समर्पित करने का पीएम मोदी का उदार भाव पीढ़ियों को विज्ञान और तकनीकी प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, टीम इसरो और भारत के लोगों को हार्दिक बधाई दी।
01:58 PM, 24-AUG-2023
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर बोले तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष
चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण अवसर है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की है, हम ऐसा करने वाले पहले देश हैं...पीएम मोदी ने सही कहा कि यह मानवजाति की जीत है।"01:57 PM, 24-AUG-2023
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर INSPACe के चेयरमैन पवन के. गोयनका ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि घटना से पहले बहुत घबराहट और चिंता थी क्योंकि हमारा चंद्रयान -2 चंद्रमा पर उतरने से चूक गया था। यह एक परिपूर्ण लैंडिंग थी और इस लैंडिंग के समय पूरा देश उत्साह से भर गया था।उन्होंने कहा, "यहां से हम समझना शुरू करेंगे कि गंतव्य पर क्या हो रहा है...इस प्रयोग का पूरा उद्देश्य चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव या दक्षिणी गोलार्ध को थोड़ा बेहतर ढंग से समझना होगा...जो जानकारी हम एकत्र करेंगे यह वह जानकारी है जो अतीत में किसी भी देश द्वारा एकत्र नहीं की गई है।"
01:51 PM, 24-AUG-2023
चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, "मुझे इस पर बहुत गर्व है...मैंने इसे लाइव देखा और मैं बहुत खुश हूं।"01:38 PM, 24-AUG-2023
ब्रिक्स सम्मलेन में पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 पर बधाइयों के लिए जताया शुक्रिया
पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 ने कल चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की। यह सिर्फ भारत के लिए ही नहीं, पूरी दुनिया के वैज्ञानिक समुदाय के लिए उपलब्धि है। पीएम ने कहा कि भारत ने जहां टारगेट किया था, हमने वहीं लैंडिंग की। एक कठिन सतह पर हमने सफलतापूर्व लैंडर को लैंड कराया। यह भारत के वैज्ञानिकों के लिए बड़ी उपलब्धि है। हमें पूरी दुनिया की तरफ से जो बधाई के संदेश मिले हैं। मैं उसके लिए अपने वैज्ञानिकों और देशवासियों की तरफ से आपका शुक्रिया अदा करता हूं।01:08 PM, 24-AUG-2023
गगनयान-आदित्य एल1 मिशन पर इसरो प्रमुख ने दिया अपडेट
आदित्य एल-1 और गगनयान मिशन पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने गगनयान और आदित्य एल1 मिशन को लेकर भी जानकारी साझा की। उन्होंने कहा, सूर्य के लिए आदित्य मिशन सितंबर में लॉन्च के लिए तैयार हो रहा है। गगनयान पर अभी भी काम चल रहा है। हम क्रू मॉड्यूल और क्रू एस्केप क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए संभवतः सितंबर या अक्टूबर के अंत तक एक मिशन करेंगे, जिसके बाद कई परीक्षण मिशन होंगे जब तक कि हम संभवतः 2025 तक पहला मानव मिशन नहीं कर लेते।12:45 PM, 24-AUG-2023
लैंडिंग के दौरान मन पर क्या बीती, बता पाना मुश्किल: ISRO चीफ
इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के पलों को याद करते हुए कहा कि उस दौरान मन पर क्या बीती, इसका वर्णन करना बहुत कठिन है। यह खुशी हो सकती है, यह उपलब्धि का सार हो सकता है और योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद देना हो सकता है।12:10 PM, 24-AUG-2023
चंद्रयान-3 मिशन के लिए सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
सोनिया गांधी ने सोमनाथ को लिखे पत्र में कहा, "मैं आपको अवगत कराना चाहती हूं कि बीती शाम इसरो द्वारा हासिल की शानदार उपलब्धि से मैं बहुत प्रसन्न हुई। यह सभी भारतवासियों, खासकर युवाओं के लिए गर्व और उत्साह का विषय है।" उन्होंने कहा, "बीते कई दशकों से इसरो की शानदार क्षमताओं का निर्माण हुआ है। इसके पास हमेशा बेहतरीन नेतृत्वकर्ता रहे और सामूहिक प्रयास की भावना रही, जिसने इसे (इसरो) हमेशा आगे बढ़ाया। " सोनिया गांधी के अनुसार, " इसरो 1960 के दशक से आत्मनिर्भरता के आधार पर आगे बढ़ा जिसका इसकी सफलता में बड़ा योगदान रहा। " उन्होंने कहा कि इस मौके पर वह इसरो के प्रत्येक सदस्य को बधाई देती हैं।11:36 AM, 24-AUG-2023
डीके शिवकुमार बोले- भारत विश्व के ज्ञान की राजधानी
चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि.मुझे उस महान क्षण को देखकर बहुत गर्व हो रहा है जिसने भारतीय विज्ञान में इतिहास रचा है। भारत ने दिखा दिया है कि वह विश्व की ज्ञान राजधानी है। इस सफलता की कहानी के लिए पूरी टीम ने काम किया है...हमें इस महान क्षण पर बहुत गर्व है। हम सभी ने खुशी साझा की। अगली पीढ़ी इसे ज़रूर और आगे बढ़ाएगी।11:16 AM, 24-AUG-2023
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर इसरो वैज्ञानिकों की टीम को बधाई दी। वह इस मौके पर इसरो के कमांड सेंटर पहुंचे और वैज्ञानिकों से एक-एक कर मिले।11:00 AM, 24-AUG-2023
कर्नाटक सीएम ने इसरो प्रमुख को दी बधाई
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ को बधाई दी।10:45 AM, 24-AUG-2023
भाजपा महासचिव ने चंद्रयान-3 पर दी देशवासियों को बधाई
चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने बया दिया है। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। मैं इसरो की टीम, वैज्ञानिकों, देश के लोगों और प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देना चाहता हूं...भारत का चंद्रयान -3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला यान है।10:25 AM, 24-AUG-2023
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इसरो चीफ को चिट्ठी लिख दी बधाई
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चंद्रयान-3 की सफलता पर इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ को पत्र लिखा।10:05 AM, 24-AUG-2023
कांग्रेस सांसद ने इसरो को बधाई दी
चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कहा है कि यह भारतीय वैज्ञानिक की एक बड़ी उपलब्धि है और इसरो ने भारतीय वैज्ञानिक सोच को बहुत ऊंचे मानक पर स्थापित किया है। हम इसरो के सभी वैज्ञानिकों और परियोजना निदेशकों को धन्यवाद देना चाहते हैं। यह देश के लिए एक खुशी का क्षण है।09:49 AM, 24-AUG-2023
‘आपके साथ साझेदारी करके गर्व’, चंद्रयान-3 पर बोला अमेरिका
चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के बाद भारत की दुनिया भर में वाहवाही हो रही है। अमेरिका भी तारीफ करते नहीं थक रहा है। हालांकि, चंद्रमा पर इससे पहले तीन देश (अमेरिका, रूस और चीन) कदम रख चुके हैं, लेकिन दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने वाला पहला देश भारत हैं। बता दें, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का मानना है कि चांद पर पानी के निशान मिल सकते हैं।यूट्यूब पर चंद्रयान-3 की लाइव स्ट्रीमिंग ने तोड़ा रिकॉर्ड
भारत ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। भारत के चंद्रयान-3 ने बुधवार को चांद पर सफल लैंडिंग की। इसी के साथ, भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला विश्व का पहला देश बन गया। वहीं, इसरो के लाइव स्ट्रीमिंग लिंक ने भी यूट्यूब पर इतिहास रच दिया। चंद्रयान-3 के लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग को 8.06 मिलियन लोगों ने एक साथ देखा, जिसने यूट्यूब इतिहास के सभी कीर्तिमानों को ध्वस्त कर दिया।14 दिन बाद क्या करेंगे लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान?
चंद्रयान-3 के लिए आने वाले 14 दिन बहुत अहम होने वाले हैं। 23 अगस्त को सॉफ्ट लैंडिंग के बाद अब नजरें प्रज्ञान रोवर पर है, जो स्थितियां सामान्य होने के बाद चांद की सतह पर चलेगा। विक्रम लैंडर के अंदर मौजूद रोवर प्रज्ञान के बाहर निकलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।08:51 AM, 24-AUG-2023
इसरो का ट्वीट- रोवर सतह पर उतरा और चांद पर चला भारत
चंद्रयान 3 मिशन को लेकर इसरो ने भी ट्वीट किया। इसमें कहा गया, 'चंद्रयान 3 का रोवर मेड इन इंडिया, मेड फॉर द मिशन ऑपरेशन! रोवर लैंडर से नीचे उतरा और पूरा भारत चांद पर साथ चला। जल्द ही मिशन पर अन्य अपडेट्स जारी होंगे...08:34 AM, 24-AUG-2023