https://www.youtube.com/c/AIBSNews24

MP में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी: इंडिया गठबंधन-महिला आरक्षण और सनातन मुद्दे का किया जिक्र; पढ़ें 10 बड़ी बातें

 सार

पीएम मोदी ने भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में करीब 10 लाख पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन पर हमला किया तो, वहीं अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। आइये जानें पीएम के भाषण की 10 बड़ी बातें.




विस्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को मध्यप्रदेश दौरे पर आए। उन्होंने भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी गठबंधन, महिला आरक्षण जैसे तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर भी हमला किया।

मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें :

From India alliance and women reservation to Santana row 10 highlights of Modi bhopal rally
जंबूरी मैदान में रोड शो करते पीएम मोदी - फोटो : सोशल मीडिया
1.मध्य प्रदेश के मन में क्या है..
पीएम ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में मध्यप्रदेश से भाजपा के वर्षों से चले आ रहे जुड़ाव पर बात की। उन्होंने कहा, 'मेरे परिवारजनों, मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। भाजपा के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जनसंघ के जमाने से आजतक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है।' 
 

2. कांग्रेस की पुरानी सरकारों के जरिए पार्टी पर हमला 

From India alliance and women reservation to Santana row 10 highlights of Modi bhopal rally
पीएम मोदी से स्वागत में खड़े भाजपा कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
अपने भाषण में पीएम ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर बात की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने भाजपा की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होंने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, वो बुराइयां नहीं देखी हैं। एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया।

पीएम ने कहा, 'यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कें, अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और गरीब नहीं देखा। अपने हर कार्यकाल में भाजपा ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य किया है, यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगों ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं। हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर एक काम बना दिया।
 

3. 'कांग्रेस जंग लगा हुआ लोहा है' 

पीएम ने भाषण में कहा कि कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वह लोहा है जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है।

4. परिवारवाद पर हमला 

From India alliance and women reservation to Santana row 10 highlights of Modi bhopal rally
भोपाल में पीएम मोदी - फोटो : SOCIAL MEDIA
प्रधानमंत्री अक्सर अपने भाषणों में कांग्रेस में परिवारवाद का आरोप लगते हैं। आज भी पीएम ने इसके जरिए देश की सबसे पुरानी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, 'भारत में गौरवपूर्ण काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार के गौरव के लिए काम किया। कांग्रेस ने प्रजातंत्र को परिवारतंत्र बना दिया था। कांग्रेस की राजनीति अभाव और गरीबी में फलती-फूलती है। कांग्रेस ने जानबूझ कर देश को गरीब रखा। रोटी, कपड़ा और मकान में ही उलझाए रखा।

 

5. 'कांग्रेस नए भव्य संसद भवन का भी विरोध कर रही है'

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नए संसद भवन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, 'भाजपा आज आधुनिक सड़कें, चौड़े हाई-वे और एक्सप्रेस-वे बना रही है, लेकिन कांग्रेस इसकी आलोचना करती है। भाजपा आज वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन, स्टेशनों का कायाकल्प कर रही है, भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन की प्रशंसा हर कोई कर रहा है, लेकिन कांग्रेस को ये भी नहीं पच रहा है। भाजपा ने नया भव्य संसद भवन बनाया, जिसकी पूरे देश में प्रशंसा हो रही है लेकिन कांग्रेस इसका भी विरोध कर रही है। भारत कुछ भी नया करे, कोई भी उपलब्धि हासिल करे, कांग्रेस को कुछ भी पसंद नहीं आता।'

6. कांग्रेस की गारंटी पर तंज

कांग्रेस के चुनावी गारंटी वाले अभियान पर पीएम ने जमकर प्रहार किया। अपने भाषण में पीएम ने कहा कि जब मोदी गारंटी देता है, जब भाजपा गारंटी देती है, तो वो गारंटी जमीन पर उतरती है, घर-घर पहुंचती है। मोदी यानी हर गारंटी पूरी होने की गारंटी...।' पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल पहले 'गरीबी हटाओ' का नारा दिया था, क्या कांग्रेस ने अपना वादा पूरा किया? भाजपा सरकार ने पांच साल में ही देश में साढ़े 13 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। वंचितों को वरीयता की जो गारंटी मोदी ने दी है, उसे हमने एक के बाद एक कदम उठाकर पूरा किया है।

7. महिला आरक्षण विधेयक की बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में हाल ही में संसद से पारित हुए 'नारी शक्ति वंदन विधेयक की बात की। प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश की बहनों को याद दिलाने आया हूं...। मोदी ने आपको जो गारंटी दी थी वो पूरी हो गई है। कुछ समय पहले संसद में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' लागू कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। मोदी है तो हर गारंटी पूरी होने की गारंटी है...।

पीएम ने आगे यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके इंडिया गठबंधन ने नारीशक्ति वंदन अधिनियम बिल का समर्थन खट्टे मन से किया है। ये वही लोग हैं जिन्होंने 30 सालों तक इस बिल को पारित नहीं होने दिया। अब जब मजबूरी में उंगली उठानी पड़ी तो कह रहे हैं, ये क्यों नहीं है, वो क्यों नहीं है? उन्हें इस बिल का समर्थन इसलिए करना पड़ा क्योंकि मेरी माताएं-बहनें जाग गई हैं।

8. इंडिया गठबंधन पर प्रहार 

From India alliance and women reservation to Santana row 10 highlights of Modi bhopal rally
भोपाल में पीएम मोदी - फोटो : ANI
अपने भाषण के दौरान पीएम ने कई बार कांग्रेस के साथ पूरे इंडिया गठजोड़ को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "मौका मिलते ही घमंडिया गठबंधन के लोग माताएं-बहनों को धोखा देने का तय करने बैठे हैं। घमंडिया साथी वही हैं जिन्होंने महिला आरक्षण बिल के पास न होने देने के लिए हर मर्यादा खो दी। ये नया खेल खेलेंगे। ये नारी शक्ति को बांटने की कोशिश करेंगे। नारी शक्ति एक न हो इसलिए अफवाहें फैलाएंगे। हर माता, बहन-बेटी को सतर्क और एकजुट रहना होगा। ये वही लोग हैं, जिन्होंने देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति मुर्मू को राष्ट्रपति बनने से रोकने का प्रयास किया। उनकी नियत ठीक नहीं थी।" 

9. किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान बन गया है

प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज भी उसी पुराने ढर्रे और मानसिकता पर चल रही है। चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए इनके नेताओं के लिए गरीबों का जीवन मायने नहीं रखता, इनके लिए गरीब का जीवन एडवेंचर टूरिज्म है, गरीब की बस्ती पिकनिक मानने की लोकेशन है, किसान का खेत फोटो सेशन का मैदान बन गया है।

10. सनातन विरोधी बयानों का भी जिक्र 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में हाल ही में उदयनिधि स्टालिन समेत कई विपक्षी नेताओं द्वारा सनातन पर दिए गए विवादित बयानों का मुद्दा उठाया। प्रधानमंत्री ने कहा, "घमंडिया गठबंधन सनातन को खत्म करना चाहता है। कांग्रेस के जमीन से जुड़े नेता मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। कांग्रेस पहले बर्बाद हुई, बैंकरप्ट हुई और अपना ठेका दूसरों को दे दिया है। कांग्रेस को अब इसके नेता नहीं चला रहे। कांग्रेस अब कंपनी बन गई है। कांग्रेस का ठेका अर्बन नक्सलियों के पास है। कांग्रेस अब अर्बन नक्सलियों से चल रही है। इसलिए कांग्रेस जमीन पर भी खोखली हो रही है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post