https://www.youtube.com/c/AIBSNews24

Maharashtra CM : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम का एलान, देवेंद्र फडणवीस चुने गए भाजपा विधायक दल के नेता

 खास बातें



Maharashtra Govt Formation BJP Party Today News Live: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस पर आज विराम लग गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में देवेंद्र फडणवीस को नेता चुना गया। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को हुए थे।

लाइव अपडेट

12:03 PM, 04-Dec-2024
फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के नाम का एलान कर दिया गया है। देवेंद्र फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। 
11:56 AM, 04-Dec-2024
चंद्रकांत पाटिल ने फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि हमें फडणवीस के नेतृत्व में जीत मिली है। वे राज्य के विकास के लिए लगातार काम करते रहे हैं। इसके बाद चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुगंटीवार ने फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। पंकजा मुंडे ने उनके नाम का अनुमोदन किया।
11:45 AM, 04-Dec-2024
भाजपा विधायक दल की बैठक मुंबई में शुरू
महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल की बैठक मुंबई में शुरू हो गई है। राज्य के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी बैठक में मौजूद हैं।

11:40 AM, 04-Dec-2024
डिप्टी सीएम के नामों का भी एलान
सूत्रों के मुताबिक, अजित पवार और एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
11:33 AM, 04-Dec-2024
फडणवीस के नाम पर भाजपा कोर कमेटी में लगी मुहर
देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे। देवेंद्र फडणवीस 5 दिसंबर को महाराष्ट्र के सीएम पद की शपथ लेंगे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भाजपा कोर कमेटी की बैठक में उनके नाम को अंतिम रूप दिया गया।
11:29 AM, 04-Dec-2024
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर
दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में गुरुवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ करीब 2,000 अति महत्वपूर्ण व्यक्ति और 40,000 कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस समारोह में कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के 19 मुख्यमंत्रियों तथा उपमुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की उम्मीद है।

11:17 AM, 04-Dec-2024

मुंबई में कोर कमेटी की बैठक
महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले मुंबई में कोर कमेटी की बैठक हुई। निर्मला सीतारमण, विजय रूपाणी, देवेंद्र फडणवीस बैठक में मौजूद रहे।

 

11:15 AM, 04-Dec-2024
भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा
भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वाले गठबंधन महायुति की नई सरकार में मुख्यमंत्री पद के लिए दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। संभावना है कि बैठक में जिसे भाजपा विधायक दल का नेता चुना जाएगा, वह राज्यपाल से मिलकर राज्य में नई सरकार के गठन के लिए दावा पेश करेगा।
10:40 AM, 04-Dec-2024
थोड़ी देर में भाजपा विधायक दल की बैठक
भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी भी विधानभवन पहुंच गए हैं। यहां थोड़ी देर में भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू होगी।
10:36 AM, 04-Dec-2024
सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है भाजपा
देवेंद्र फडणवीस और पंकजा मुंडे विधानभवन पहुंच गए हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा आज ही सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है।
09:47 AM, 04-Dec-2024
'आपले देवा भाऊ मुख्यमंत्री' कहते हुए पोस्टर
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में दिखाते हुए 'आपले देवा भाऊ मुख्यमंत्री' कहते हुए पोस्टर कई जगह दिखने लगे हैं। विधायक राहुल नार्वेकर की ओर से कफ परेड क्षेत्र में ताज प्रेसिडेंट होटल के बाहर यह पोस्टर लगाए गए हैं। यहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय पर्यवेक्षक ठहरे हुए हैं।
 
09:10 AM, 04-Dec-2024
मंत्री पद के बंटवारे के लिए फॉर्मूला तैयार
महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह से एक दिन पहले सत्तारूढ़ गठबंधन ने अभी तक मौजूदा मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि मंत्री पद के बंटवारे के लिए एक फॉर्मूला तैयार हो गया है। सत्ता का बंटवारा 6-1 के फॉर्मूले पर आधारित होगा यानी पार्टी के हर छह विधायकों पर एक मंत्री पद दिया जाएगा। इस फॉर्मूले के तहत  132 सीटें जीतने वाली भाजपा के पास सबसे ज्यादा मंत्री पद होंगे। इसके दो सहयोगी दलों - एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के गुट के लिए भी यह फायदे का सौदा है। संख्या के हिसाब से भाजपा को 20 से 22 मंत्री पद मिल सकते हैं। एकनाथ शिंदे की पार्टी को 12 और एनसीपी के अजित पवार गुट को 9 से 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं।
08:43 AM, 04-Dec-2024
मंत्रियों को हटाने पर महायुति में आम सहमति: शिवसेना नेता
शिवसेना के एक नेता ने कहा कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे मंत्रियों को महाराष्ट्र की नई सरकार में शामिल नहीं करने के लिए भाजपा के शीर्ष नेताओं और महायुति के अन्य सहयोगियों के बीच व्यापक सहमति बन गई है। उन्होंने कहा कि बुधवार को भाजपा विधायकों द्वारा अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करने के बाद ही विभागों के आवंटन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। नई सरकार पांच दिसंबर को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ लेगी।
08:19 AM, 04-Dec-2024
फडणवीस मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। महायुति ने अभी तक किसी नाम की घोषणा नहीं की है।
08:03 AM, 04-Dec-2024
'सर्वसम्मति होगी तो एक ही प्रस्ताव रखा जाएगा'
विजय रूपाणी ने कहा कि सरकार बनेगी। चुने गए विधायकों से कल चर्चा की जाएगी। एक नाम तय होगा और बाद में उसकी घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी की परंपरा का पालन करती है। यह नाम तय करने का हमारा तरीका है। विधायक दल का नेता तय किया जाएगा और वह नेता अगले दिन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेगा। यदि सर्वसम्मति होगी तो केवल एक ही प्रस्ताव (नाम) आगे रखा जाएगा।
08:02 AM, 04-Dec-2024
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने क्या कहा?
भाजपा की ओर से महाराष्ट्र विधायक दल की बैठक के लिए बनाए गए दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों में से एक गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बातचीत करने के बाद ही विधायक दल का नेता चुना जाएगा। बीती शाम मुंबई पहुंचे रूपाणी ने बताया कि यदि सभी की सहमति बनी तो किसी एक ही व्यक्ति को नाम विधायक दल के नेता के लिए चुना जाएगा।
07:46 AM, 04-Dec-2024

Maharashtra CM Live: देवेंद्र फडणवीस होंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, अजित पवार-एकनाथ शिंदे डिप्टी सीएम बनेंगे

Maharashtra Govt Formation BJP Meeting Today News Live: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को लेकर जारी सस्पेंस पर आज विराम लग सकता है। आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक होनी है। इसी में भाजपा अपने विधायक दल के नेता का चुनाव करेगी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को हुए थे। इसमें 'महायुति' ने 288 विधानसभा सीट में से 230 सीट पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने 132 सीट पर जीत हासिल की, जबकि कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 41 सीट मिली थीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post